अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अगर ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत आगे बढ़ती है और हुर्मुज़ जलडमरूमध्य दोबारा खोल दिया जाता है, तो ईरान के खिलाफ फिर से सैन्य कार्रवाई की संभावना बहुत कम है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रंप ने रविवार को अमेरिकी समाचार चैनल CNN को दिए एक इंटरव्यू में यह बात कही। उन्होंने 20 मिनट की बातचीत के दौरान पांच बार दोहराया कि ईरान के साथ दोबारा युद्ध होना बहुत मुश्किल है।
CNN के एंकर जिम सियूटो से फोन पर बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा कि अब यह ईरान पर निर्भर करता है कि वह एक मजबूत समझौते पर हस्ताक्षर करता है या नहीं। अगर बातचीत में प्रगति होती है, तो युद्ध की जरूरत पड़ने की संभावना बहुत कम है।
हालांकि, ट्रंप ने साथ ही ईरान को फिर से निशाना बनाने की धमकी भी दी। उन्होंने दावा किया कि ईरान की अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है और अमेरिकी सैन्य कार्रवाई ने उसे काफी नुकसान पहुंचाया है।
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका एक घंटे के भीतर ईरान के 38 पुलों को नष्ट कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के पास अब केवल 10 प्रतिशत मिसाइल क्षमता और 15 प्रतिशत ड्रोन क्षमता बची है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के तीन विमानवाहक पोत क्षेत्र में मौजूद हैं और पूरी तरह हथियारों से लैस होकर कार्रवाई के लिए तैयार हैं।
ट्रंप ने अंत में फिर कहा कि ईरान के खिलाफ दोबारा युद्ध की नौबत आने की संभावना बहुत कम है, लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।
आपकी टिप्पणी